द फॉलोअप डेस्क
फर्जी पुलिस बनकर वाहन चेकिंग के नाम पर ठगी, पुलिस का धौंस दिखाकर ठगी की घटनाएं अक्सर आपने सुनी होगी। लेकिन दिनदहाड़े पुलिस बनकर पहने हुए जेवर को उतरवाकर ठगी करने का मामला शायद ही आपने सुना होगा। लेकिन बीच बाजार में लोगों की आवाजाही के बीच शातिर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला के साथ ऐसी ही ठगी की है। अब आपको पूरी घटना बताते हैं।

जानें कैसे ठगों ने दिया घटना को अंजाम
यह घटना मेदिनीनगर की है। कुंड मुहल्ला की रहने वाली सावित्री देवी अपने पुत्र रवि अग्रवाल के साथ बाजार में खरीददारी करने के लिए आ रही थी। तभी कनीराम चौक के पास चार युवकों ने महिला को रोक लिया। खुद को पुलिस बताते हुए कहा कि आगे बाजार एरिया में लूट हुई है। गहने पहनकर बाजार न जाएं। गायब होने का खतरा है। उन्होंने गहने उतारकर मांगा और कागज में लपेट कर देने की बात कही। सावित्री देवी अभी सोच ही रही थी कि एक दूसरे व्यक्ति को भी फर्जी पुलिस बने ठगों ने रोका। उसे भी बाजार में लूट वाली बात कहकर जेवर मांगा। उस युवक ने अपने पास रखे जेवर दे दिए। वापस ठगों ने सादे रंग के कागज में लपेटकर उसे वापस दे दिया। यह देखकर सावित्री की शंका भी दूर हो गई। उसने भी अपने जेवर उतारकर ठगों को दिया।

घर जाने के बाद पता चला कि ठगी की हो गई हैं शिकार
सावित्री देवी से गहने लेने के बाद फर्जी पुलिस वालों ने उक्त युवक की तरह सादे कागज में बंद कर उनके जेवर वापस कर दिए। जब महिला अपने घर गई तो देखा कि उसके असली गहने गायब थे। कागज में जो गहने उसे वापस मिले थे वे सब नकली थी। ऐसे में यह संभावना है कि जिस युवक ने अपने गहने चारों युवकों को दिए थे वह भी ठगी के इस खेल में शामिल था।

ठगों की तस्वीर सीसीटीवी में हुई कैद
महिला के साथ फर्जी पुलिस बनकर ठगी करने वाले युवकों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है। दरअसल महिला के साथ ठगी करते हुए वे युवक सीसीटीवी में देखे गए हैं। अब पुलिस उनकी पहचान में जुट गई है। शहर थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा की मानें तो जल्द ही उदभेदन कर लिया जाएगा। इधर, इस घटना के साथ ही 18 दिसंबर 2022 को हुई घटना की फिर से लोगों को याद आ गई है। तब फर्जी पुलिसकर्मियों ने वदी पहनकर इस तरह ठगी की थी। सदर अस्पताल के गेट पर मंजू देवी नामक महिला से सरिता देवी नाम की महिला का पता पूछते हुए गले का चेन, हाथ की अंगूठी एवं दो चूड़ी लेकर फरार हो गए थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N