द फॉलोअप, रांची
पोड़ैयाहाट विधायक एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आज मुलाकात कर राज्य के दो अति-महत्वपूर्ण एवं ज्वलंत विषयों पर गंभीर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने दोनों मामलों के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं सख्त निर्देश जारी किए हैं। उसमें परसपानी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के मामले में NCH के 30 दिनों के अल्टीमेटम से पहले कमियां होंगी दूर करने का निर्देश दिया गया है। गोड्डा जिला के परसपानी स्थित एकमात्र स्टेट होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज (BHMS Course) को राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH/MARBH) से मिले पत्र में मुख्य रूप से फैकल्टी (शिक्षकों) और उपकरणों/संसाधनों की कमी दर्शाते हुए मान्यता संबंधी पत्राचार किया गया है, जिसमे कॉलेज को 1 माह के भीतर सभी कमियों को दूर करने की चेतावनी दी गई है। 7 दिनों में रिजल्ट जारी कर बहाली का निर्देश: राज्य सरकार ने पूर्व में ही निर्णय लेते हुए फैकल्टी चयन हेतु साक्षात्कार 8 जून 2026 को आयोजित किए थे, जिसमें लगभग 56 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सचिव को निर्देश दिया कि अतिशीघ्र साक्षात्कार का परिणाम जारी कर 7 दिनों के भीतर सभी बहाली पूरी की जाए।
DMFT फंड से उपकरण और संसाधन
उपकरणों की कमी दूर करने के लिए गोड्डा उपायुक्त को पूर्व में ही निर्देशित किया गया है इस संबंध में आगामी सोमवार को उपायुक्त कॉलेज का दौरा करेंगे और DMFT फंड से आवश्यक उपकरण व अन्य जरूरी संसाधन तुरंत उपलब्ध कराएंगे।

JSSC सहायक आचार्य (पारा शिक्षक) भर्ती: OBC आरक्षण में गणना की गलती पर मुख्य सचिव को निर्देश
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा जारी प्रशिक्षित सहायक आचार्य (पारा शिक्षक) संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 (विज्ञापन संख्या-04/2026) में पिछड़ा वर्ग (EBC-1 एवं BC-II) के आरक्षण को लेकर बड़ा मुद्दा सामने आया है।
सामान्य कोटे की गणना में विसंगति: कुल 6,101 पदों की बहाली में पिछड़ा वर्ग (14% कोटा) के लिए 814 पद होने चाहिए थे, लेकिन केवल 209 पद (EBC-1: 62 और BC-II: 147) ही दिए गए हैं, जो कि EWS के 561 पदों से भी बहुत कम हैं।
गणना में गलती का अंदेशा: विधायक प्रदीप यादव ने मुख्यमंत्री के समक्ष पक्ष रखा कि विभाग ने संभवतः सामान्य (General) कोटे में चयनित/बहाल OBC अभ्यर्थियों को भी OBC कोटे में ही मान लिया है, जिससे OBC का मूल कोटा कम हो गया है।
पुनः गणना और समीक्षा के आदेश: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसे गंभीर मानते हुए उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि पूरे मामले की पुनः गणना कराई जाए और सभी तथ्यों से जल्द अवगत कराया जाए, ताकि इस त्रुटि में अविलंब सुधार किया जा सके।

प्रदीप यादव ने कहा
परसपानी होम्योपैथिक कॉलेज को NCH से मिले पत्र में फैकल्टी और उपकरणों की कमी की बात कही गई है। पूर्व में आयोजित साक्षात्कार का परिणाम 7 दिनों में जारी कर बहाली पूरी करने और उपायुक्त द्वारा DMFT से उपकरण उपलब्ध कराने का निर्देश माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा दिया गया है। कमियां दूर होते है NCH को इसकी सूचना दे दी जाएगी, जिससे 30 दिनों के भीतर मान्यता सुरक्षित हो जाएगी। वहीं, सहायक आचार्य भर्ती में सामान्य कोटे की गलत गणना के कारण OBC का हक मारा गया था। मुख्यमंत्री जी ने मुख्य सचिव को फिर से गणना कराकर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है, ताकि इस त्रुटि को सुधारा जा सके।
