गिरिडीह:
Girdih News: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने लोकतंत्र बचाओ अभियान को लेकर कांग्रेस (Congress) और इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने और अराजकता की स्थिति को रोकने के उद्देश्य से पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 3 नवंबर को गिरिडीह (Girdih) जिले में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस अभियान के जरिए भाजपा जनता के बीच जाकर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की नीतियों तथा गतिविधियों के बारे में लोगों को जागरूक करेगी।

संवैधानिक संस्थाओं के विरोध का लगाया आरोप
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज देश के लोकतंत्र को खतरा कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं से है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये नेता लगातार संवैधानिक संस्थाओं का विरोध कर रहे हैं और अलग-अलग तरह के नैरेटिव गढ़कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। कभी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं, तो कभी फर्जी वोटर का मुद्दा उठाया जाता है। इसके अलावा एसआईआर (SIR) का भी विरोध किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा ने जनता के बीच जाने और लोकतंत्र के प्रति लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया है।

सरकार पर जनता का शोषण करने का आरोप
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि सरकार कानूनी और गैरकानूनी, दोनों तरीकों से जनता को लूटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी तिजोरी भरने में जुटी है। कानूनी प्रक्रिया का सहारा लेकर भी जनता का शोषण किया जा रहा है। ऐसी सरकार से इससे अधिक उम्मीद नहीं की जा सकती।
गिरिडीह विधानसभा सीट पर इस बार जीत का दावा
पिछले विधानसभा चुनाव में गिरिडीह सीट पर भाजपा की हार और पार्टी के भीतर आपसी खींचतान को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पिछले चुनाव में पार्टी को मामूली वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इस बार सभी लोग मिलकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले चुनाव की कमी की भरपाई करते हुए भाजपा इस बार अच्छे वोटों से जीत हासिल करेगी।

उपचुनाव को लेकर बोले- चुनाव की घोषणा के बाद तय होगा प्रत्याशी
गिरिडीह में उपचुनाव की तैयारियों और प्रत्याशी की घोषणा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता लगातार क्षेत्र में घूमकर जनता से संपर्क कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग 365 दिन जनता के बीच रहते हैं। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल मुख्य रूप से चुनाव और विधायक-सांसद बनने के लिए राजनीति करते हैं, जबकि भाजपा देश, समाज और क्षेत्र के लिए राजनीति करती है। चुनाव की घोषणा होने के बाद पार्टी प्रत्याशी को लेकर निर्णय लेगी।
.jpeg)
अनुशासनहीनता पर कार्रवाई के सवाल पर दिया जवाब
भाजपा में अनुशासनहीनता करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ऐसा नहीं है। कार्रवाई करने का एक तरीका होता है और इसके कई तरीके होते हैं। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि पार्टी की कार्रवाई दिखाई नहीं देती, तो उन्होंने इस पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।