logo

सरयू राय के बयान पर विरोध के बीच मेयर सुधा गुप्ता की पहल, महिला कांग्रेस ने वापस लिया आंदोलन

WhatsApp_Image_2026-07-29_at_2_03_52_PM.jpeg

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता के खिलाफ विधायक सरयू राय की कथित टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद अब खत्म होने की दिशा में है। मेयर सुधा गुप्ता की अपील और पहल के बाद महिला कांग्रेस ने विधायक सरयू राय के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया है। इससे पहले कदमा उलियान स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क के समीप विशेष प्रार्थना सभा आयोजित कर विधायक सरयू राय को सद्बुद्धि देने, सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनाये रखने और महिलाओं के सम्मान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की प्रार्थना की गयी थी। 
नगर निगम में नाराजगी पर बोलीं मेयर- बातचीत से निकलेगा समाधान
इधर, विवाद के बीच मेयर सुधा गुप्ता ने नगर निगम के अंदर चल रही नाराजगी को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम एक लोकतांत्रिक संस्था है, जहां सभी 34 वार्डों के पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं। सभी पार्षद उनके परिवार का हिस्सा हैं और किसी भी असहमति या नाराजगी का समाधान बातचीत के माध्यम से किया जायेगा। मेयर ने कहा कि जब पार्षद सम्मान देते हैं तो शिकायत करना भी उनका अधिकार है। एक कप्तान के रूप में प्रशंसा और शिकायत दोनों मेरी जिम्मेदारी है। परिवार में छोटी-मोटी नोकझोंक होती रहती है, लेकिन हमारा उद्देश्य साथ मिलकर मानगो का विकास करना है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि जनता को बेहतर सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विकास कार्यों में सभी पार्षदों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं होगा। 
महिला कांग्रेस ने मेयर की भावनात्मक अपील पर बदला फैसला
वहीं, बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने बताया कि विधायक सरयू राय के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन को मेयर सुधा गुप्ता की अपील के बाद वापस लिया गया है। नलिनी सिन्हा ने कहा कि धरना प्रदर्शन के बाद विधायक सरयू राय द्वारा मेयर सुधा गुप्ता को लेकर की गई टिप्पणी की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ एक महिला जनप्रतिनिधि तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला नेतृत्व और महिलाओं के सम्मान से जुड़ा विषय है। उन्होंने बताया कि महिला कांग्रेस ने इस मामले को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष और राष्ट्रीय महिला आयोग तक ले जाने तथा पूरे जमशेदपुर में अभियान चलाने का निर्णय लिया था। लेकिन मेयर सुधा गुप्ता ने मुलाकात कर अपील की कि विधायक सरयू राय बुजुर्ग हैं और अभिभावक के समान हैं। संभव है कि किसी परिस्थिति में या अनजाने में उनसे ऐसी टिप्पणी हो गयी हो, इसलिए विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय समाप्त किया जाना चाहिए। 
सरयू राय को भविष्य में संयम बरतने की सलाह
नलिनी सिन्हा ने कहा कि मेयर की भावनात्मक अपील को देखते हुए आंदोलन वापस लिया गया है। हालांकि उन्होंने विधायक सरयू राय से भविष्य में ऐसी टिप्पणियों से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि धरना स्थल पर पहुंचकर मेयर सुधा गुप्ता ने विधायक सरयू राय को प्रणाम किया और प्रदर्शनकारियों के लिए पानी व लड्डू भेजे, जो राजनीतिक शालीनता और संस्कार का उदाहरण है। प्रेस वार्ता में नलिनी सिन्हा के अलावा शिल्पी चक्रवर्ती, कल्पना सेन, अपर्णा गुहा, रजनी बंसल, रीता शर्मा, श्रवणी भट्टाचार्य, सुनीता तिर्की, कंचन देवी सहित अन्य महिलाएं मौजूद थीं।

Tags - Jamshedpur Sudha Gupta Saryu Roy Mahila Congress Jharkhand Politics