logo

सरायकेला में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, 22 लाख के तीन इनामी नक्सली गिरफ्तार; AK-47 और पिस्टल बरामद

AKKKK.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षा बलों और पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नक्सलियों में 15 लाख का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य मदन महतो उर्फ शंकर, पांच लाख का इनामी स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार और दो लाख की इनामी मीना शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल भी बरामद की गई है।

खुफिया सूचना पर कांड्रा में हुई पहली गिरफ्तारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि पांच लाख का इनामी नक्सली रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार कांड्रा थाना क्षेत्र के उदयपुर स्थित एक व्यक्ति के घर में ठहरा हुआ है। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार रवि सरदार स्पेशल एरिया कमेटी का सक्रिय सदस्य है और लंबे समय से नक्सली गतिविधियों में शामिल था। रवि सरदार से पूछताछ में मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कांदेरबेड़ा स्थित बुंगरून उर्फ गोपी पहाड़िया के मकान में छापेमारी की। इस दौरान 15 लाख रुपये के इनामी मदन महतो उर्फ शंकर और दो लाख रुपये की इनामी मीना को गिरफ्तार कर लिया गया। मदन महतो पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले का निवासी है और नक्सली संगठन में रीजनल कमेटी सदस्य के पद पर सक्रिय था, जबकि मीना पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की रहने वाली है।

हथियार बरामद, नक्सली नेटवर्क पर बड़ा प्रहार

गिरफ्तार नक्सलियों के पास से एक AK-47 राइफल और एक पिस्टल बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि इलाके में नक्सली दस्ते के अन्य सदस्य भी सक्रिय हो सकते हैं। इसे देखते हुए पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान जारी है, ताकि शेष नक्सलियों की गिरफ्तारी और अन्य हथियारों की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

Tags - Jharkhand Maoists Seraikela Police Naxal