logo

श्राद्ध के दौरान सरायकेला में वज्रपात का कहर, 9 वर्षीय बच्ची समेत दो की मौत 

black1.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सरायकेला-खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़कुम पंचायत के नुआगुड़ा गांव में रविवार शाम वज्रपात की दर्दनाक घटना में 9 वर्षीय बच्ची और एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों की पहचान रोशनी सोरेन (9) और सोनू सरदार (32) के रूप में हुई है।


श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान गिरी आकाशीय बिजली
जानकारी के अनुसार, गांव में रोशनी सोरेन की दिवंगत मां का श्राद्ध कर्म आयोजित था, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। वज्रपात की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, रोशनी सोरेन के पिता का निधन पहले ही हो चुका था। मां के श्राद्ध वाले दिन ही रोशनी की भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रोशनी परिवार की आखिरी सदस्य और एकमात्र वारिस थी। उसकी मौत के साथ ही पूरा परिवार हमेशा के लिए समाप्त हो गया। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।


पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने के साथ पूरे मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी। हादसे के बाद नुआगुड़ा ही नहीं, आसपास के गांवों में भी शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Tags - Seraikela Kharsawan Lightning Strike Jharkhand News Weather Accident