सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध पर अंकुश लगाने और आपात परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सरायकेला पुलिस ने अपनी गश्ती व्यवस्था को और सुदृढ़ किया है। पुलिस बेड़े में 19 नए बोलेरो पेट्रोलिंग वाहनों को शामिल किया गया है। पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी एवं पुलिस उपाधीक्षक अनुभव भारद्वाज की मौजूदगी में वाहनों की पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद नारियल फोड़कर वाहनों का लोकार्पण किया गया और एसपी ने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया।

संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी पेट्रोलिंग
वाहनों के रवाना होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने स्वयं वाहन चलाकर क्षेत्र भ्रमण की शुरुआत की। नए पेट्रोलिंग वाहनों की तैनाती से जिले के संवेदनशील और दूरदराज इलाकों में पुलिस की नियमित गश्ती बढ़ेगी। वहीं, किसी भी आपराधिक घटना या आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को घटनास्थल तक पहले की अपेक्षा तेजी से पहुंचने में मदद मिलेगी।
.jpeg)
पेट्रोलिंग वाहनों में फर्स्ट एड किट की सुविधा
पुलिस बेड़े में दूसरे चरण के तहत शामिल किए गए इन वाहनों में फर्स्ट एड किट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ब्रह्मानंद नारायणी अस्पताल के सहयोग से उपलब्ध कराई गई इस सुविधा का उद्देश्य सड़क दुर्घटना या अन्य आपात परिस्थितियों में घायलों को घटनास्थल पर ही तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। पुलिसकर्मी दुर्घटना के बाद के शुरुआती गोल्डन ऑवर में घायलों को प्राथमिक सहायता देकर उनकी स्थिति को संभालने में मदद कर सकेंगे। इसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया को भी बेहतर तरीके से अंजाम दिया जा सकेगा।

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी पुलिस की मौजूदगी
19 नए वाहनों के सड़क पर उतरने से जिले में पुलिस की फील्ड मौजूदगी और निगरानी क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। खासकर ऐसे क्षेत्र जहां नियमित पुलिस गश्ती में दूरी या संसाधनों की कमी चुनौती बनती रही है, वहां इन वाहनों की तैनाती से पुलिस की पहुंच मजबूत होगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नए पेट्रोलिंग वाहनों के माध्यम से नियमित निगरानी, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। इसे जिले में सक्रिय पुलिसिंग और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।