सरायकेला-खरसावां
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैला दी। डैमडूबी इलाके में माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एक कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए गये। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग भी की, हालांकि कर्मी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार पीड़ित नरन भगत विभिन्न इलाकों से लोन की राशि कलेक्ट कर बाइक से परडीह की ओर जा रहे थे।

गोली चलते ही नरन भगत झुक गए
इसी दौरान डैमडूबी में पहले से घात लगाये अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। एक अपराधी ने उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग की, लेकिन गोली चलते ही नरन भगत झुक गए, जिससे उनकी जान बच गयी। इसके बाद अपराधियों ने रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बताया जा है कि वारदात में शामिल एक अन्य अपराधी थोड़ी दूरी पर बाइक लेकर खड़ा था। लूट को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गये। लूटे गये बैग में करीब डेढ़ लाख रुपये के अलावा टैब और जरूरी दस्तावेज भी थे। इधर, घटना के दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया लोग सहम गये और मौके पर भीड़ जुट गयी।

पुलिस ने एक खोखा बरामद किया
दूसरी ओर सूचना मिलते ही कपाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि माइक्रो फाइनेंस कर्मी से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट हुई है। विरोध करने पर अपराधियों ने फायरिंग की, लेकिन किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जायेगी।