logo

सरायकेला में पेड़ से लटका मिला सड़ा-गला शव, लापता परमेश्वर डे के रूप में हुई पहचान

WhatsApp_Image_2026-08-09_at_10_27_58_PM.png

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत झीमरी-सांखा नदी अंडरपास के सामने झाड़ी में पेड़ से लटका सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान परमेश्वर डे (43 वर्ष) के रूप में हुई है। वह तारापदो डे के पुत्र थे और ग्राम, पोस्ट व थाना चंदनकियारी, जिला बोकारो के निवासी बताए गए हैं।
घटना की पूरी जानकारी 
जानकारी के अनुसार रविवार को स्थानीय लोगों को झाड़ी की ओर से दुर्गंध आने पर संदेह हुआ। लोगों ने झाड़ी में जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। इसके बाद तत्काल नीमडीह थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने रविवार की रात करीब 10 बजे शव को लाकर नीमडीह थाना परिसर में रखा था,शव काफी सड़ी-गली अवस्था में था, जिसके कारण प्रारंभ में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। बाद में पुलिस की जांच और परिजनों की जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान परमेश्वर डे के रूप में हुई।जो मजदूरी का काम करता था। काम की तलाश में बंगलौर गया था जहां काम नहीं मिलने के कारण घर वापस आने के क्रम से लापता था।
मानसिक रूप से परेशान थे परमेश्वर डे
परिजनों के अनुसार परमेश्वर डे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पेड़ से शव लटका मिलने के कारण प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल नीमडीह थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Tags - Seraikela News Neemdih Police Jharkhand Crime Bokaro News Dead Body Found