सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल गोलचक्कर के पास रविवार को इंडियन ऑयल का एक खाली टैंकर अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। चालक ने तुरंत वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि आग की लपटों में टैंकर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। 
तेल खाली कर लौट रहा था टैंकर, पैरों के नीचे महसूस हुई तेज गर्मी
जानकारी के अनुसार, टैंकर मां बसंती पेट्रोल पंप, पारडीह में तेल खाली करने के बाद लौट रहा था। चालक ने बताया कि जैसे ही वह चांडिल गोलचक्कर के पास पहुंचा, उसे पैरों के नीचे तेज गर्मी महसूस हुई। कुछ ही क्षणों में इंजन की ओर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क गई। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तुरंत वाहन से छलांग लगा दी और राहगीरों से फायर स्टेशन तथा चांडिल थाना को सूचना देने का अनुरोध किया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक टैंकर के इंजन का अगला हिस्सा बुरी तरह जल चुका था। घटना की सूचना मिलने पर चांडिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने टैंकर को अपने कब्जे में लेकर चालक से पूछताछ की और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि टैंकर खाली था, जिससे किसी बड़े विस्फोट या जनहानि की घटना नहीं हुई। समय रहते चालक की सतर्कता, राहगीरों की मदद और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। प्रथम दृष्टया गाड़ी में आग लगने का कारण शर्ट सर्किट बताया जा रहा है।