logo

मुहर्रम को लेकर कपाली में फ्लैग मार्च, प्रशासन ने सुरक्षा और शांति का दिया भरोसा 

KAPALI_OP.jpg

सरायकेला-खरसावां   
सरायकेला-खरसावां जिले में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कपाली ओपी क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस-प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने क्षेत्रवासियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए पर्व को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। इस दौरान कपाली नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी गोपी कृष्ण, चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल रहे। फ्लैग मार्च की शुरुआत हरि मंदिर प्रांगण से हुई, जो टीओपी चौक, मिल्लत नगर, रामु होटल सहित कई प्रमुख मार्गों से होकर कपाली थाना परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।

संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी

वहीं अधिकारियों ने विभिन्न इलाकों में लोगों और व्यवसायियों से मुलाकात कर आपसी सद्भाव बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है। वहीं प्रशासन की ओर से बताया गया कि मुहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से हर एक गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, जबकि अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती भी की गई है। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

Tags - Muharram Festival Flag March Peaceful Celebration Communal Harmony Law and Order