logo

सरायकेला में डबल मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, हत्या के बाद जंगल में दफनाए थे शव

sarai_murder1.jpg

सरायकेला-खरसावां

सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पिण्ड्राबेड़ा गांव में हुए दो युवकों के अपहरण और हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर गम्हरिया थाना क्षेत्र के रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि से जमीन में दफनाए गए दोनों युवकों के शव बरामद किए गए हैं। मामले का खुलासा करते हुए एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज ने बताया कि 20 अगस्त को रवि हांसदा ने कांड्रा थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 13 अगस्त की शाम धतकीडीह स्कूल के समीप से राहुल हांसदा, सूरज हांसदा और तपन प्रधान का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था।

दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की

आरोप है कि तीनों के साथ मारपीट करने के बाद उन्हें गम्हरिया के सरनामूल ले जाया गया। इसके बाद में सूरज हांसदा को छोड़ दिया गया, जबकि राहुल और तपन का कोई पता नहीं चला। शिकायत के आधार पर कांड्रा थाना में कांड संख्या 20/26 दर्ज करते हुए BNS की धारा 126(2), 115(2), 109, 137(2) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए पिण्ड्राबेड़ा निवासी फुलचंद रघुनाथ हांसदा (22) और रविन्द्र मार्डी (25) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

वारदात के पीछे की पूरी साजिश को लेकर भी जांच जारी 

उनकी निशानदेही पर रापचा फुटबॉल मैदान के पीछे वनभूमि में खुदाई कर जमीन में दफनाए गए दो शव बरामद किए गए। शवों की पहचान राहुल हांसदा और तपन प्रधान के रूप में की गई। शवों को दंडाधिकारी सह गम्हरिया बीडीओ/सीओ की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए बाहर निकाला गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल बांस की बल्ली और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में हत्या के कारण और वारदात के पीछे की पूरी साजिश को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Tags - Saraikela Police Double Murder Police Investigation Two Arrested