logo

सरायकेला में बिना चालान बालू ले जा रहा वाहन जब्त, पाटा टोल प्लाजा पर 5 गाड़ियों से वसूला जुर्माना

WhatsApp_Image_2026-06-26_at_7_10_28_AM.jpeg

सरायकेला
अवैध खनन और खनिजों के गैर-कानूनी परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने अपना रुख बेहद कड़ा कर लिया है। उपायुक्त नितीश कुमार के निर्देश पर जिला खनन विभाग और गम्हरिया अंचल प्रशासन की संयुक्त टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा बालू घाट पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान बिना वैध चालान के बालू ले जाते एक वाहन को जब्त किया गया है। वहीं, पाटा टोल प्लाजा पर चलाए गए सघन जांच अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले पांच वाहनों से हजारों रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। बालू घाटों पर अवैध खनन अब नहीं
निरीक्षण के दौरान बालू घाटों पर किसी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि संचालित होती नहीं मिली। हालांकि, जांच के क्रम में वाहन संख्या JH05AG2259 को बिना वैध परिवहन चालान के बालू परिवहन करते पाया गया। इसके बाद प्रशासन ने वाहन को जब्त कर आदित्यपुर थाना को सौंप दिया। मामले में जिला खनन विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। पांच वाहनों से 23 हजार जुर्माना वसूला
इसके बाद मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में जिला खनन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों ने पाटा टोल प्लाजा पर संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान खनिज लदे वाहनों में तिरपाल का उपयोग, ओवरलोडिंग तथा वैध दस्तावेजों की सघन जांच की गई। जांच में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर पांच वाहनों से कुल 23 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा
उपायुक्त नितीश कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags - Seraikela Illegal Mining Sand Transport Jharkhand News District Administration