सरायकेला-खरसावां
सरायकेला में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों की बेखौफ गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। बुधवार सुबह आरआईटी मोड़ स्थित एनएक्सटी जिम के समीप बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और पलक झपकते ही मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी जानकारी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय क्षेत्र में लोगों की आवाजाही सामान्य रूप से जारी थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक तेजी से महिला के पास पहुंचे, उसके गले से सोने की चेन झपटी और तेज रफ्तार से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अपराधी आंखों से ओझल हो चुके थे। दिनदहाड़े और व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र में नियमित गश्ती और संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। 
आदित्यपुर में बढ़ते अपराध से दहशत
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में आदित्यपुर क्षेत्र में चापड़बाजी, लूटपाट, हत्या और छिनतई जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में ताजा चेन स्नैचिंग की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। सुबह टहलने, बाजार जाने या रोजमर्रा के काम से निकलने वाले लोगों में भी अब असुरक्षा की भावना साफ दिखाई दे रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच अब लोगों की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्ती ही लोगों में सुरक्षा का भरोसा दोबारा कायम कर सकती है।