logo

सदन : रूपेश हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग लोकसभा में रांची सांसद संजय सेठ ने उठाई

sanjay_seth_thumb.jpg

रांची:

हजारीबाग के बरही इलाके में सांप्रदायिक तनाव में रूपेश कुमार पांडेय नामक युवक की हुई हत्या के बाद राज्य में राजनीति गर्म है। रांची समेत कई जगह उसके विरोध में प्रदर्शन हुए हैं। वहीं दोषियों को कड़ी सी कड़ी सजा देने की मांग की जा रही है। अब मामला देश की सदन तक पहुंच गया है। रांची के भाजपा से सांसद संजय सेठ ने आज लोकसभा में मामला उठाया। उन्होंने हजारीबाग में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए रूपेश पांडेय हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।

 


सेठ ने कहा कि झारखंड में भीड़ के द्वारा हिंसा, मॉब लिंचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अभी 2 दिन पहले हजारीबाग में सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन में शामिल किशोर रूपेश पांडे की हत्या जुलूस से खींच कर, कर दी गई। और कानूनी कार्रवाई के बजाय राज्य सरकार ने कई जिलों में इंटरनेट सेवा बंद करवा दी। कुछ दिन पूर्व सिमडेगा में एक युवक संजू प्रधान को घर से खींच कर जमकर पिटाई की गई और परिवार के सामने ही भीड़ ने जिंदा जला दिया। आश्चर्यजनक बात यह रही कि पुलिस इन घटनाओं में मूकदर्शक बनी रही। सिमडेगा की घटना में तो पुलिस वीडियो बनाती रही। सरकार और प्रशासन हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा। 

 

 


सेठ ने कहा कि दिन प्रतिदिन झारखंड की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। अन्य जिलों में भी मॉब लिंचिंग की घटनाएं हो चुकी है। राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने आग्रह किया कि इन मामलों में हस्तक्षेप किया जाए। रूपेश पांडे की हत्या की सीबीआई से जांच कराई जाए। राज्य को कड़े निर्देश दिए जाएं। ऐसी घटना पर रोक लगाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कड़े कानून बनाए जाएं ताकि हमारा झारखंड राज्य और वहां की जनता सुरक्षित माहौल में जी सके।