देवघर
बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उनका संकल्प कराया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती की गई और यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया गया है।
बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा कर राज्य की समृद्धि की कामना
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा करने के बाद मुख्यमंत्री बाबा बासुकीनाथ मंदिर गए। इसके बाद वे देवघर लौटकर सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे और मैहर गार्डन में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम के बाद वे पटना रवाना हो जाएंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्होंने बिहार की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि झारखंड के देवघर स्थित पवित्र ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम में देवाधिदेव महादेव का पूजन-अर्चन एवं दर्शन कर अपार आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति हुई।