झारखंड
हाईकोर्ट की फटकार के बाद अब बोकारो के पुष्पा महतो हत्याकांड की जांच में तेजी आई है। आज पुष्पा के माता-पिता का सैंपल लिया गया ताकि, महुआटांड़ जंगल से मिले नरकंकाल से उसका डीएनए मिलान किया जा सके। सैंपल को एसएलएल विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है। हाईकोर्ट ने इस केस में बोकारो एसपी, डीएसपी, राज्य की डीजीपी और पूरी एसआईटी टीम को तलब किया था और जांच की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की थी। कोर्ट ने निर्देश दिया था कि 48 घंटे के भीतर महुआटांड़ जंगल में मिले नरकंकाल का पुष्पा के माता-पिता के डीएनए से मिलान किया जाए।
गौरतलब है कि बोकारो के खूंटाडीह की रहने वाली 18 साल की पुष्पा कुमारी महतो 21 जुलाई 2025 को लापता हो गई थी। 11 अप्रैल 2025 को उसके बॉयफ्रेंड दिनेश कुमार महतो की निशानदेही पर पुष्पा का कथित कंकाल महुआटांड़ जंगल से बरामद किया गया था। पुलिस ने जानकारी दी कि, दिनेश महतो ने पिछले साल 21 जुलाई को ही पुष्पा की जंगल में ले जाकर चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी।