द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार को रंगदारी मांगने का विरोध करने पर चाकूबाजी की घटना हो गई। इस हमले में मोहम्मडन लाइन निवासी मिनाजुल हक, मो. ताज और मो. अब्दुल माजिद घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, बुलेट सवार तीन युवक पहले दुकान पर पहुंचे और गुटखा-सिगरेट खरीदने के बाद 500 रुपये की रंगदारी मांगने लगे। दुकानदार द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य दुकानदार भी हमले में घायल हो गए। दुकानदारों का कहना है कि मुख्य आरोपी इलाके में अक्सर बैठता था और सभी से परिचित था। उसने पहले भी 500 रुपये लिए थे और दोबारा पैसे की मांग कर रहा था। मना करने पर उसने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया।

पिस्तौल लहराकर केस नहीं करने की दी धमकी
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन कुछ देर बाद तीनों युवक फिर बुलेट से लौटे और पिस्तौल लहराकर दुकानदारों को केस नहीं करने की धमकी देने लगे। आरोप है कि इस दौरान आरोपी अपनी बुलेट मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुलेट को जब्त कर लिया। इस घटना के बाद बाजार के दुकानदारों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, जांच जारी
घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घायलों का बयान भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।