logo

साहिबगंज में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख बाइक छोड़कर भागा संदिग्ध, बैग से मिले 36 मोबाइल

sahibganj_mobile.jpg

साहिबगंज 

साहेबगंज जिले में राजमहल थाना क्षेत्र के तुर्तीपुर गांव के समीप फोरलेन सड़क पर 3 सितंबर की शाम वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देख कुछ दूरी पहले ही एक बाइक सवार ने अचानक मोटरसाइकिल रोक दी। पुलिस को शक हुआ तो जवान उसकी ओर बढ़े, लेकिन इससे पहले कि संदिग्ध को पकड़ा जाता, वह बाइक छोड़कर भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसका बैग बाइक के हैंडल में फंसकर टूट गया और वह बैग छोड़कर अंधेरे में फरार हो गया। जब पुलिस ने बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर अलग-अलग कंपनियों के 36 मोबाइल फोन मिले।

साहिबगंज एसपी को एक सूचना मिली थी

पुलिस के अनुसार, साहिबगंज एसपी को सूचना मिली थी कि महाराजपुर की ओर से बेगमपुरा ब्रिज की तरफ एक व्यक्ति काले रंग की मोटरसाइकिल से जा रहा है। उसके पास एक बैग था, जिसमें संदिग्ध सामान होने की आशंका जताई गई थी। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने तुर्तीपुर के पास फोरलेन सड़क पर वाहन जांच शुरू कर दी। मौके से फरार होने के बाद पुलिस ने आसपास तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। पुलिस ने मोटरसाइकिल और बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर अलग-अलग कंपनियों के कुल 36 मोबाइल फोन मिले।

पुलिस संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी

बरामद मोबाइल में आईफोन के 3, वीवो के 13, ओप्पो के 6, रियलमी के 3, वनप्लस के 3, मोटोरोला के 3, सैमसंग के 2, नथिंग के 2 और रेडमी का 1 मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस ने मोबाइल फोन के साथ काले रंग की मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मोबाइल कहां से लाए गए थे और फरार संदिग्ध का इस पूरे मामले से क्या संबंध है। पुलिस संदिग्ध की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 303/26 दर्ज किया गया है। राजमहल एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले की जानकारी दी। इस कार्रवाई में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पु०अ०नि० ओम प्रकाश चौहान, स०अ०नि०  रविशंकर झा समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Tags - Sahibganj Police Vehicle Checking Mobile Phone Recovery Police Action