द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज पुलिस ने 5 नवंबर की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी क्राईम चेकिंग के दौरान दो स्कूटी सवार युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 5 लाख मूल्य के 6 आईफोन सहित कुल 8 महंगे मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की गई है। दोनों गिरफ्तार आरोपी साहिबगंज जिले के ही रहने वाले हैं। बता दें कि पुलिस अधीक्षक, साहिबगंज को 5 नवंबर की रात लगभग 11 बजे मोबाइल फोन चोरी/तस्करी से संबंधित एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना के आधार पर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, राजमहल के नेतृत्व में तत्काल एक टीम का गठन किया गया।
इसी टीम द्वारा रात में करीब 12:00 बजे तीनपहाड़ स्थित मछली पट्टी के पास एक एंटी क्राईम चेकिंग पॉइंट लगाया गया। यह चेकिंग अपराधियों की धर-पकड़ और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से की जा रही थी। रात करीब 01:00 बजे, एक स्कूटी पर सवार दो व्यक्ति रेलवे स्टेशन की तरफ से बाबुपूर की तरफ आ रहे थे। मछली पट्टी पर पुलिस की एंटी क्राईम चेकिंग लगी देखकर वे तुरंत भागने लगे। गश्ती में तैनात पदाधिकारी और सशस्त्र बल ने बिना देर किए दोनों स्कूटी सवारों का पीछा किया और उन्हें खदेड़ कर पकड़ने में सफलता प्राप्त की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार उर्फ मन्नु महतो और संदीप कुमार उर्फ संदीप नोनिया के रूप में हुई है, ये दोनों साहिबगंज जिले के ही निवासी हैं।
पकड़े गए व्यक्तियों के साथ-साथ उनकी स्कूटी की भी गहन तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में दोनों पकड़े गए व्यक्तियों के पास से एक-एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुआ, जबकि स्कूटी की डिक्की से 6 महंगे आईफोन बरामद किए गए। बरामद किए गए इन सभी 8 मोबाइल फोनों (2 एंड्राईड और 6 आईफोन) की अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख आंकी गई है। इसके अतिरिक्त, यामहा कंपनी की एक बैगनी रंग की स्कूटी (रजि० संख्या-JH18J9851) भी जब्त की गई है। जब्त किए गए सामानों में मोटोरोला और अन्य कंपनियों के एंड्रॉइड फोन तथा विभिन्न मॉडल के आईफोन XR, आईफोन 11 प्रो और आईफोन 11 शामिल हैं।
बरामद मोबाइल फोनों को विधिवत जप्ती सूची बनाकर जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या-150/2025 दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जब्त किए गए ये महंगे आईफोन कहाँ से लाए गए थे और इनका उपयोग किस कार्य में किया जाना था।
