logo

साहिबगंज : PMAY 2.0 की सूची में धांधली का आरोप, ग्रामीणों ने पंचायत सचिव का किया घेराव

WhatsApp_Image_2026-07-14_at_8_11_55_AM.jpeg


साहिबगंज
बोरियो प्रखंड की बांझी संथाली पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) 2.0 की लाभुक सूची में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम सभा में अयोग्य आवेदकों को योग्य घोषित कर दिया गया, जबकि करीब 70 पात्र लाभुकों के नाम सूची से हटा दिए गए। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत भवन में पंचायत सचिव परमानंद मंडल का लगभग दो घंटे तक घेराव कर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। योजना में प्रति आवेदक हजारों रुपये की रिश्वत मांगने, धोखे से हस्ताक्षर कराने और पंचायत सहायक द्वारा अपनी पत्नी का नाम जोड़ने जैसे संगीन आरोप लगे हैं। 
पंचायत सहायक की पत्नी को सूची में शामिल करने का आरोप
ग्रामीणों के अनुसार, ऑनलाइन सर्वे के बाद कुल 487 लाभुकों की सूची तैयार की गई थी, लेकिन बाद में इनमें से 70 पात्र लाभुकों के नाम ग्राम सभा पंजी में अयोग्य दर्ज कर दिए गए। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि कई अपात्र लोगों को सूची में बनाए रखा गया और पंचायत सहायक राजेश रजवार ने अपनी पत्नी का नाम भी योग्य लाभुकों की सूची में शामिल करवा लिया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों के साथ पंचायत की मुखिया मयबिटी बेसरा भी पंचायत भवन पहुंचीं। उन्होंने पंचायत सचिव से सवाल किया कि किसकी अनुमति से पात्र लाभुकों के नाम सूची से हटाए गए। मुखिया का कहना है कि ग्राम सभा पंजी पर उनके हस्ताक्षर या अंगूठे का निशान दर्ज नहीं है, जबकि ग्राम सभा अध्यक्ष के हस्ताक्षर के बिना लाभुकों की सूची में कोई बदलाव नहीं किया जा सकता। 
पंचायत सहायक की धांधली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन सर्वे के दौरान पंचायत सहायक द्वारा प्रति आवेदक 2,000 और ग्राम सभा में योग्य घोषित कराने के नाम पर 5,000 की अवैध मांग की गई। आरोप के अनुसार, जिन लोगों ने पैसे नहीं दिए, उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके अलावा, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों से पंचायत भवन में धोखे से हस्ताक्षर कराने का भी आरोप है। वहीं, पंचायत सचिव परमानंद मंडल ने सफाई देते हुए कहा कि कुछ पात्र लाभुकों को मानवीय भूल के कारण अयोग्य चिह्नित कर दिया गया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि विरोध के दौरान मुखिया द्वारा कॉलर पकड़ना अनुचित था। विवाद बढ़ता देख पंचायत सचिव ने मुखिया के समक्ष लिखित रूप से माफी मांगी, जिसके बाद मामला शांत हुआ। ग्रामीणों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पंचायत सहायक राजेश रजवार को तत्काल पदमुक्त करने की मांग की है।

Tags - PMAY 2.0 Sahibganj Jharkhand News Villagers Protest Gram Sabha