साहेबगंज
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र से 22 वर्षीय युवक नीतीश पासवान को गिरफ्तार किया है, जिसके तार सीधे तौर पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़े होने की बात सामने आई है। इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़ पुणे से गिरफ्तार कुख्यात अपराधी विजय शूटर से मिली कड़ियों और पूछताछ के बाद हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के साथ-साथ अंडरवर्ल्ड के कुख्यात गैंगस्टर सज्जाद भट्टी से भी जुड़ा हुआ है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं।

विजय शूटर से मिले सुराग और पुलिस की कार्रवाई
स्पेशल सेल के विशेष पुलिस आयुक्त अनिल शुक्ला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस पूरे घटनाक्रम का ब्यौरा दिया। उन्होंने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल मामले की शुरुआत पुणे से हुई थी, जहां पुलिस ने सबसे पहले कुख्यात अपराधी विजय शूटर को दबोचा था। विजय शूटर से जब गहरी पूछताछ की गई, तो उसने इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े कई अहम सुराग उगले। इन्हीं सुरागों के आधार पर दिल्ली पुलिस की टीम झारखंड के साहिबगंज पहुंची और वहां जाल बिछाकर नीतीश पासवान को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। 
ISI और गैंगस्टर सज्जाद भट्टी का कनेक्शन
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, इस बात का भी पर्दाफाश हुआ है कि यह नेटवर्क केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काम कर रहा था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के संबंध पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और वहां बैठे कुख्यात गैंगस्टर सज्जाद भट्टी के नेटवर्क से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह नेटवर्क देश में किस बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था और इसमें और कौन-कौन से लोग शामिल हैं। 