द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
साहिबगंज जिले के बभनगामा गांव निवासी 25 वर्षीय मजदूर सुमन मंडल की शुक्रवार को घर लौटने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। वह गुजरात के अहमदाबाद में स्थित किटेन एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करते थे। करीब 15 दिन पहले काम पर जाने के दौरान वह सड़क हादसे में घायल हो गए थे। हादसे के बाद कंपनी के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और इलाज कराया। इसके बाद कंपनी के लोगों ने उन्हें काम से छुट्टी दे दी। परिजन एंबुलेंस से उन्हें अहमदाबाद से घर ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान बभनगामा निवासी कार्तिक मंडल के पुत्र सुमन मंडल के रूप में हुई है। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। परिजनों के अनुसार, सुमन पांच साल से अधिक समय से अहमदाबाद में मजदूरी कर परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में सहयोग कर रहे थे।

इलाज में 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई : पिता
सुमन के पिता कार्तिक मंडल ने बताया कि करीब 15 दिन पहले उनका बेटा काम पर जाने के दौरान अहमदाबाद में सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इसके बाद कंपनी के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और इलाज कराया। पिता के अनुसार, इलाज में करीब 15 से 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई थी। इतनी बड़ी रकम की व्यवस्था कर पाना परिवार के लिए संभव नहीं था। इसके बाद कंपनी के लोगों ने उनके बेटे को काम से छुट्टी दे दी। कार्तिक मंडल के अनुसार, वह अपने बेटे को एंबुलेंस से घर लेकर लौट रहे थे। बुधवार को अहमदाबाद से रवाना हुए थे। शुक्रवार को रास्ते में अचानक सुमन की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अहमदाबाद की कंपनी में करते थे मजदूरी
सुमन मंडल अहमदाबाद के सरखेज-बावला हाईवे स्थित गैलप्स इंडस्ट्रियल पार्क, राजोदा में संचालित किटेन एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड में मजदूरी करते थे। परिजनों के अनुसार, वह कई वर्षों से वहां काम कर रहे थे। उनकी मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। परिजन इस घटना से गहरे सदमे में हैं। फिलहाल, हादसे की परिस्थितियों और इलाज से जुड़े खर्च के संबंध में कंपनी का पक्ष सामने नहीं आया है।