logo

साहिबगंज में महिला का सिर कूचकर बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत

साहिबगंज में महिला का सिर कूचकर बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत

अजित जायसवाल, साहिबगंजः
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र में के महादेवगंज के ललमटिया गांव के समीप सोमवार देर रात एक अधेड़ महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव सुनसान स्थान पर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतका की पहचान शंकर भुइयां की पत्नी गीता देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला के सिर पर गंभीर चोट के कई निशान मिले हैं। प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी भारी पत्थर से हमला कर उसकी हत्या की गई। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और वारदात को किसने अंजाम दिया, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।


सुनसान जगह को बनाया वारदात का ठिकाना
घटना जिस स्थान पर हुई, वह अपेक्षाकृत सुनसान बताया जा रहा है। ऐसे में आशंका है कि अपराधियों ने इसी का फायदा उठाकर महिला पर हमला किया। वारदात के बाद शव को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद आसपास के गांवों में भी भय का माहौल है। सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज भेज दिया है। पुलिस अब हत्या के कारणों, घटनास्थल से मिले संभावित साक्ष्यों और महिला की गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की हत्या किस वजह से की गई और वारदात के पीछे कौन कौन लोग शामिल हैं। पुलिस जांच में जुट गई है।

Tags - Sahibganj Woman Murder Jharkhand Crime Jirwabari Police Mahadebganj