द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की जल, जंगल और जमीन को लूटने का आरोप लगाते हुए विपक्षी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साहिबगंज जिले के बड़हरवा क्षेत्र में लगभग 10 एकड़ में नए सिरे से अवैध खनन की सूचना मिलने के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर प्रशासन की मिलीभगत का दावा किया है। इस पर उन्होंने सोशल मीडिया 'X' पर लिखा है कि राज्य सरकार ने लूटने की कसम खा रखी है।
झारखंड की जल, जंगल और जमीन राज्य की अमूल्य संपत्ति हैं, लेकिन हेमंत सरकार ने इन्हें लूटने की कसम खा रखी है।
— Babulal Marandi (@yourBabulal) June 29, 2026
साहिबगंज जिले के नींबू पहाड़ में 1000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन मामले को लेकर पहले भी गंभीर सवाल उठ चुके हैं। इस मामले में सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं की संलिप्तता,… pic.twitter.com/Eh9J5RAcMK
निंबू पहाड़ का पुराना घोटाला फिर ताजा
साहिबगंज के निंबू पहाड़ में पहले ही 1000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध खनन का मामला सामने आ चुका है, जिसमें सत्ताधारी दल के शीर्ष नेताओं और मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगियों की संलिप्तता के आरोप लगे थे। सीबीआई जांच और न्यायालय की कार्यवाही चलने के बावजूद अवैध गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मरांडी ने आरोप लगाया कि पिछले 7 वर्षों से खदानों की नीलामी प्रक्रिया को शिथिल कर सरकार अपने करीबियों के जरिए राज्य की प्राकृतिक संपदा का दोहन कर रही है। 
वीडियो में दिखा खनन का सबूत, प्रशासन पर सवाल
कार्यकर्ताओं द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो में पाथर चपटी क्षेत्र में डंपर ट्रक और एक्सकेवेटर से सक्रिय खनन कार्य दिख रहा है। इस पर बाबूलाल मरांडी ने जिले के डीसी, एसपी, डीएमओ और स्थानीय पुलिस को इस मामले में समान रूप से जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने ईडी और सीबीआई से तुरंत संज्ञान लेने और कार्रवाई करने की अपील की है।