साहिबगंज:
गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। गुरुवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जरूरतमंद लोगों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण किया।

प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
उपायुक्त ने हर प्रसाद, बड़ा रामपुर दुर्गा टोला, बलुआ टोला समेत अन्य प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया। मौके पर उन्होंने जलस्तर, प्रभावित आबादी और प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों से संवाद के दौरान उन्होंने उनकी तत्काल जरूरतों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
.jpeg)
राहत कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और राहत-बचाव दल को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रभावित परिवारों तक समय पर भोजन, राहत सामग्री और अन्य जरूरी सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी के निर्देश
उन्होंने संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
.jpeg)
प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ खड़ा : उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि बाढ़ की चुनौतीपूर्ण स्थिति में जिला प्रशासन प्रभावित लोगों के साथ पूरी तत्परता से खड़ा है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को और मजबूत किया जा रहा है। प्रशासन का फोकस फिलहाल प्रभावित परिवारों को सुरक्षित रखने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द समेत संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं राहत-बचाव दल के सदस्य मौजूद रहे।