द फॉलोअप डेस्क:
साहिबगंज में बाढ़ प्रभावितों तक राहत पहुंचाने से लेकर जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तक पुलिस प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह ने जिले के चार थाना क्षेत्रों में संचालित राहत एवं लंगर व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने मिर्जाचौकी थाना का अचानक निरीक्षण कर पुलिस की व्यवस्था की भी समीक्षा की। बाढ़ राहत व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान एसपी ने प्रभावित लोगों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावितों के लिए चार स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई है। पुलिस और जिला प्रशासन का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों तक समय पर भोजन, राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाई जाएं।

बाढ़ प्रभावित छेत्रों में बरती जाएगी विशेष सतर्कता
एसपी ने कहा कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद संक्रमण और महामारी की आशंका को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके लिए ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक उपाय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत कार्य में जुटा है। वहीं, एसपी अमित कुमार सिंह ने मिर्जाचौकी थाना पहुंचकर अचानक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय और पुलिस की व्यवस्था का जायजा लेते हुए क्षेत्र की विधि-व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान थाना की व्यवस्था पर संतोष जताते हुए उन्होंने थाना प्रभारी रूपेश कुमार यादव को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
.jpeg)
इलाके में बढ़ी पेट्रोलिंग
एसपी ने क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग के साथ नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने, फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने और लंबित मामलों में कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते हुए आम लोगों से संपर्क बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। एसपी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ के दौरान राहत कार्य और सामान्य परिस्थितियों में अपराध नियंत्रण, दोनों ही पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता हैं। प्रशासन का उद्देश्य प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ जिले में कानून-व्यवस्था को भी पूरी तरह मजबूत बनाए रखना है।