साहिबगंज
साहिबगंज जिला प्रशासन के संज्ञान में बड़ा तौफीर पोषक क्षेत्र से साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिसमें अज्ञात साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को फोन कॉल कर कन्यादान योजना, सावित्रीबाई फुले योजना एवं अन्य सरकारी योजनाओं का प्रलोभन दिया जा रहा है। इन ठगों द्वारा आम लोगों को यह झांसा दिया जाता है कि उनके बैंक खाते में योजना की राशि भेजी जा रही है, जिसके लिए उन्हें एक लिंक पर क्लिक करने अथवा मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी साझा करने को कहा जाता है। जैसे ही लाभुक लिंक पर क्लिक करते हैं या ओटीपी साझा करते हैं, उनके बैंक खाते से अवैध रूप से राशि की निकासी कर ली जाती है।

अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें
इधर मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया जा रहा है कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएं एवं इन बातों को आमजन तक अवश्य पहुंचाएं। समाज कल्याण विभाग द्वारा किसी भी लाभुक को प्रत्यक्ष कॉल कर राशि भेजने की सूचना नहीं दी जाती है। किसी भी अनजान कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें। किसी भी परिस्थिति में OTP, बैंक विवरण या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

प्रशासन का संदेश "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
सभी सेविकाएं ग्राम सभा, जनसमूह, बैठक अथवा अन्य माध्यमों से आमजनों को जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार न हो। यदि किसी व्यक्ति को इस प्रकार का संदिग्ध कॉल प्राप्त होता है या वे साइबर ठगी के शिकार होते हैं, तो वे तत्काल नजदीकी साइबर थाना या साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। जिला प्रशासन का संदेश "सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है इसलिए सभी नागरिकों से अपील किया गया है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं एवं अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।