द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के बोरियो थाना क्षेत्र के मोतीपहाड़ी गांव में मां रानी क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के नाम पर ग्रामीणों से पैसे जमा कराने और बाद में राशि वापस नहीं मिलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने दो दर्जन से अधिक लोगों का खाता खुलवाकर एक वर्ष में आकर्षक ब्याज का लालच दिया और प्रतिदिन जमा राशि एकत्र की। योजना की शुरुआत 13 मई 2025 को हुई थी, जबकि अंतिम किस्त 13 मई 2026 को ली गई। अब दोनों युवक कथित तौर पर यह कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं कि उन्होंने संस्था में काम करना छोड़ दिया है।

आकर्षक ब्याज का झांसा देकर खुलवाए खाते
ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों युवक घर-घर जाकर लोगों को अधिक ब्याज का प्रलोभन देते थे और प्रतिदिन जमा राशि वसूलते थे। तय अवधि पूरी होने के बाद जब खाताधारकों ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्हें पैसे नहीं मिले। पीड़ितों में उमाकांत पंडित के 48 हजार रुपये, फूलकुमारी देवी के 33 हजार रुपये, रीता देवी के 63 हजार रुपये, हीरामुनी देवी के 55 हजार रुपये, पुरनी देवी के 58 हजार रुपये, गायत्री देवी के 15 हजार रुपये और सुनीता देवी के 33 हजार रुपये सहित अन्य ग्रामीणों की जमा पूंजी फंसी हुई है।

ग्रामीणों ने कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की उठाई मांग
राशि वापस नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने पूरे मामले को धोखाधड़ी बताते हुए बोरियो थाना में लिखित आवेदन सौंपा है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और उनकी जमा राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।