द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत सहिया, सहिया साथी, बीटीटी और एसटीटी को पिछले 4-5 माह से प्रोत्साहन राशि और मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान लंबित रहने के कारण सभी कर्मियों को आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं का निर्वहन करने के बावजूद भुगतान नहीं होने से कर्मियों में असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए आज, 24 फरवरी 2026, मंगलवार को सहिया, सहिया साथी और सामूहिक प्रशिक्षक संघ ने उप विकास आयुक्त और सिविल सर्जन को मांगपत्र सौंपा। मांगपत्र सौंपने से पहले सदर अस्पताल परिसर स्थित सिविल सर्जन कार्यालय के समीप संघ की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता बबीता देवी ने की। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों से आए सहिया, सहिया साथी और बीटीटी ने भाग लिया।
बैठक में चर्चा की गई कि पिछले 4-5 माह से प्रोत्साहन राशि और मानदेय का भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा एस एन ए स्पर्श के माध्यम से भुगतान प्रक्रिया को सरल और नियमित करने, और विभाग द्वारा देय सभी भुगतान हर माह समय पर देने की मांग भी उठाई गई। इसके बाद सहिया, सहिया साथी और बीटीटी का एक शिष्टमंडल उप विकास आयुक्त और सिविल सर्जन को मांगपत्र सौंपने गया। संघ की उपाध्याय अंजना साहु और सचिव जीवंती कुमारी ने कहा कि अगर हमारी मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया, तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

इस अवसर पर बबीता देवी, पारसनाथ साहु, सुशांतिधारी किंडो, विरेंद्र उरांव, सारिका तिर्की, एजरस एक्का, शांता टोप्पो, मंजूला मिंज, जोसफिन कुजूर, जीवंती कुमारी, जयमनी तिर्की, अंजू खलखो, संगीता खलखो, उर्मिला देवी, पुष्पा देवी, बालमुकुंद भगत, जसिन्ता कुजूर, रोजालिया कुजूर, पदमा कुमारी, अंजू तिर्की, अनिता बाड़ा, अरुणा देवी, ममता देवी, गीता देवी, देवेश कुमार, जसिन्ता तोपनो, बबीता देवी, चिंता देवी, सुजिता उरांव, फुलन कुमारी, सिलवंती मिंज, हीरामती देवी, विनिता सोरेंग, लुसी बैक, अंजना साहु सहित अन्य सहिया और सहिया साथी उपस्थित थे। इस संबंध में जानकारी संघ की अध्यक्ष बबीता देवी और उपाध्यक्ष अंजना साहु ने संयुक्त रूप से दी।
.jpeg)