logo

साहिबगंज में बाढ़, गंगा तट पर बने सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद

साहिबगंज में बाढ़, गंगा तट पर बने सभी स्कूल अगले आदेश तक बंद

साहिबगंज: 
साहिबगंज जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने गंगा किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित सरकारी और निजी विद्यालयों को 9 और 10 सितंबर 2026 को बंद रखने का आदेश जारी किया है। यह आदेश उपयुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, साहिबगंज के कार्यालय की ओर से जारी किया गया है।

खतरे के निशान से 1.25 मीटर ऊपर बह रही गंगा
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, केंद्रीय जल आयोग, निचली गंगा मंडल-2, पटना के 8 सितंबर 2026 के ई-मेल के आधार पर साहिबगंज जिले में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से करीब 1.25 मीटर ऊपर बह रहा है। साथ ही, 9 सितंबर की सुबह 8 बजे तक जलस्तर में 13 सेंटीमीटर तक और वृद्धि होने की संभावना जताई गई थी।

छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए फैसला
गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण जिले के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में गंगा नदी के किनारे स्थित और बाढ़ से प्रभावित विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं तथा वहां कार्यरत शिक्षकों और शिक्षिकाओं की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को दो दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

9 और 10 सितंबर को स्कूल रहेंगे बंद
जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बाढ़ प्रभावित सरकारी एवं निजी विद्यालय 9 सितंबर और 10 सितंबर 2026 को बंद रहेंगे। जिला प्रशासन ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक को आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

अधिकारियों को भी दी गई सूचना
इस संबंध में संबंधित प्रखंड के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, क्षेत्र के शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए आदेश की प्रति भेजी गई है। वहीं, अपर समाहर्ता और उप विकास आयुक्त, साहिबगंज को भी इसकी जानकारी दी गई है। 

Tags - Sahebganj News Sahebganj Flood Ganga Water Level School Closure Jharkhand News