द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां एवं दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर रांची स्थित गुरुजी आवास से उनके पैतृक गांव नेमरा के लिए रवाना हो गया है। उनके अंतिम दर्शन के लिए नेमरा में बड़ी संख्या में परिजनों, शुभचिंतकों और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। रूपी सोरेन का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर के नेमरा पहुंचने को लेकर गांव में भी तैयारियां पूरी की जा रही हैं और लोग अंतिम दर्शन के लिए इंतजार कर रहे हैं।

रूपी सोरेन के निधन पर कई नेताओं ने जताया शोक
रूपी सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक का माहौल है। उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने रूपी सोरेन के निधन पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। रूपी सोरेन झारखंड आंदोलन के कठिन दौर की साक्षी रही थीं और लंबे समय तक शिबू सोरेन के साथ उनके संघर्ष में साथ रहीं। उनके निधन के बाद झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी शोक है।