logo

आदित्यपुर भाटिया बस्ती में बच्चा चोरी की अफवाह से हड़कंप, पड़ोसी के घर से बच्चा बरामद

fjnytmit.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटिया बस्ती में एक कथित बच्चा चोरी के मामले ने इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। मंगलवार सुबह एक बच्चे के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने के बाद उसे पड़ोसी के घर से बरामद किए जाने की घटना ने पूरे इलाके को आक्रोश से भर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद विहार रोड नंबर-9 निवासी एक परिवार का बच्चा मंगलवार तड़के करीब 5 बजे से लापता था। परिजनों द्वारा खोजबीन के दौरान संदेह पड़ोसी रंजीत मंडल के घर पर गया। स्थानीय लोगों ने दबाव बनाकर घर का दरवाजा खुलवाया, जहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपित परिवार ने शुरू में बच्चे की तलाश का दिखावा कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश की। पूछताछ के दौरान परिवार की ओर से विरोधाभासी बातें सामने आने पर लोगों का शक गहरा गया।
इधर, बस्तीवासियों के बीच यह भी चर्चा है कि बच्चे को कथित रूप से किसी तंत्र-मंत्र या साधना के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था। घर के पूजा स्थल में दक्षिण दिशा की ओर स्थापित काली मां की मिट्टी की मूर्ति मिलने के बाद लोगों के संदेह को और बल मिला है। हालांकि, इस संबंध में प्रशासनिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपित परिवार को 24 घंटे के भीतर बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम दिया है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि पूरे मामले में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और जांच के बाद ही वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

 

Tags - Bhatiya Basti incident Adityapur Adityapur child missing case Suspicious child recovery Jharkhand Child disappearance and recovery India Adityapur police station news Alleged child kidnapping rumor India Neighbor house child found case