logo

रांची : RTE के तहत निजी स्कूलों में 25% सीटों पर नामांकन के लिए ऑनलाइन लॉटरी, 35 स्कूलों के लिए 89 बच्चों का चयन

image_bihar_class_timing.jpg

रांची
आज, बुधवार को निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), 2009 के तहत निजी स्कूलों की प्रवेश कक्षा में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर नामांकन के लिए दूसरे चरण की ऑनलाइन लॉटरी आयोजित की गई। लॉटरी में अभिवंचित समूह और कमजोर वर्ग के बच्चों के नामांकन के लिए सीटों का चयन किया गया। रांची के समाहरणालय में आयोजित लॉटरी प्रक्रिया की अध्यक्षता उपविकास आयुक्त संजय कुमार भगत ने की। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, सहायक जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रीमा कुजूर, एडीपीओ समेत शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

दोनों चरणों में अब तक कुल 722 सीटों पर नामांकन 
बता दें कि वर्ष 2026-27 के लिए RTE के तहत दूसरे चरण में नामांकन हेतु कुल 224 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्राप्त आवेदनों की जांच एवं सत्यापन के उपरांत सभी 224 आवेदनों को लॉटरी प्रक्रिया के लिए योग्य पाया गया। जिले के कुल 39 मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में उपलब्ध 183 सीटों पर नामांकन के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की गई। ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से कुल 35 विद्यालयों में 89 बच्चों का चयन किया गया। दोनों चरणों में अब तक कुल 722 सीटों पर नामांकन सुनिश्चित किया गया।

समाज के अंतिम पंक्ति के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने की कोशिश 

चयनित बच्चे संबंधित विद्यालयों में बिना किसी शुल्क के नामांकन प्राप्त कर सकेंगे तथा कक्षा आठवीं तक की शिक्षा पूर्णतः निःशुल्क प्राप्त करेंगे। सभी संबंधित स्कूलों को एक सप्ताह में नामांकन की प्रक्रिया पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया गया कि संपूर्ण प्रक्रिया तकनीकी रूप से सुरक्षित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो। जिला प्रशासन रांची शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के बच्चों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।


हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें 
https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - RTE Admission Ranchi Private Schools Online Lottery 25 Percent Seats Jharkhand Education