रांची
आजसू पार्टी प्रमुख एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले को अत्यंत निंदनीय, चिंताजनक और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार बताया है। उन्होंने कहा कि यह घटना झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते मनोबल की गंभीर तस्वीर प्रस्तुत करती है। जब वैचारिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय चेतना से जुड़े संस्थान भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्वाभाविक रूप से गंभीर सवाल खड़े होते हैं। सुदेश महतो ने कहा कि आज झारखंड में अपराधियों, माफिया और अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई प्रतीत होती है। शासन की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा नहीं, बल्कि अपनी विफलताओं पर पर्दा डालना हो गई है।

पुलिस-प्रशासन बालू और कोयला में व्यस्त
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को विवश है। राज्य सरकार इस हमले की त्वरित, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश करे तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वहीं आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम से किए गए हमले की निंदा की है और कहा है कि घटना की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच कर साजिश का अविलंब पर्दाफाश किया जाना चाहिए। उन्होंने कह कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। माफिया और अराजक तत्वों का राज चल रहा है। पुलिस-प्रशासन बालू और कोयला में व्यस्त है। सरकार की प्राथमिकता आमजन को सुरक्षा प्रदान करने की नहीं रह गई है।
.jpg)