logo

नामकुम स्टेशन के पास मिला RPF जवान का सिरकटा शव, हादसा या अनहोनी!

नामकुम स्टेशन के पास मिला RPF जवान का सिरकटा शव, हादसा या अनहोनी!

द फॉलोअप डेस्क
रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह एक आरपीएफ जवान का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आरपीएफ कांस्टेबल कृष्णा कुमार मिश्रा (32) के रूप में हुई है। उनका शव रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार मृतक आरपीएफ कांस्टेबल की तैनाती नामकुम रेलवे स्टेशन में थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद उनके भाई समेत अन्य रिश्तेदार रांची पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।


13 जून को हुई थी अंतिम बातचीत
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कांस्टेबल कृष्णा कुमार मिश्रा की अंतिम बार 13 जून को अपने परिवार से बातचीत हुई थी। इसके बाद से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे दुर्घटना, आत्महत्या या कोई अन्य कारण है।


बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले थे जवान
मृतक मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। उनकी पोस्टिंग पश्चिम बंगाल के अंडाल में थी, लेकिन 13 जून को उनकी ड्यूटी नामकुम रेलवे स्टेशन पर लगाई गई थी। बताया जा रहा है कि घटना की रात उनके साथ एक अन्य आरपीएफ कांस्टेबल भी ड्यूटी पर मौजूद था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
 

Tags - Ranchi News RPF Railway News Jharkhand News Crime News