द फॉलोअप डेस्क
पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को निर्धारित समय पर रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंच गये हैं। ईडी ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को भी सात जुलाई को इसी मामले में पूछताछ के लिए तलब किया गया है।

दूसरा समन जारी होने के बाद ईडी कार्यालय पहुंचे
ईडी ने योगेंद्र तिवारी से जुड़े कथित शराब घोटाले की जांच के दौरान रोहित उरांव को दूसरा समन जारी किया था। समन में उन्हें छह जुलाई को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय पर रोहित उरांव ईडी कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।

पहले समन पर मांगा था अतिरिक्त समय
इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को 29 जून और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, दोनों ने तीन-तीन सप्ताह का समय मांगा था। ईडी ने उनके अनुरोध पर विचार करते हुए एक सप्ताह का समय दिया और दूसरा समन जारी कर रोहित उरांव को छह जुलाई तथा रामेश्वर उरांव को सात जुलाई को पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया।