द फॉलोअप / जमेशदपुर:
पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ में भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 80 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बाइक नंबर और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन और टैबलेट भी बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल, दो अन्य मोबाइल फोन, एक चाकू, एक फाइटर और 68,120 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

17 नवंबर को हुई थी लूट की वारदात
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में गोरुली जाने वाले रास्ते पर भारत फाइनेंस कंपनी के एजेंट को दो अपराधियों ने निशाना बनाया था। जेएच05एआर6727 नंबर की बाइक पर सवार दोनों आरोपियों ने एजेंट से 80 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और टैबलेट लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
बाइक नंबर और मोबाइल लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता लगाया। बाइक नौशाद अंसारी के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। इसके बाद संबंधित मोबाइल नंबर की तकनीकी जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मोबाइल की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली थी। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी और उनकी पहचान की।
केल्कोचा के पास छापेमारी कर दोनों गिरफ्तार
18 नवंबर की शाम श्यामसुंदरपुर थाना और बहरागोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से केल्कोचा के पास छापेमारी की गई। यहां से नौशाद अंसारी (39) और सेनापति बेरा (40) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर एजेंट से लूटा गया सैमसंग मोबाइल फोन और टैबलेट बरामद किया गया। गिरफ्तार नौशाद अंसारी का स्थायी पता बोड़ाम थाना क्षेत्र के पोखरिया में है, जबकि उसका वर्तमान पता सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में बताया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी सेनापति बेरा बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के सियालबिंदा का रहने वाला है।
छापेमारी दल में ये पुलिस अधिकारी थे शामिल
इस छापेमारी दल में घाटशिला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी समेत धालभूमगढ़, श्यामसुंदरपुर और बहरागोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।