logo

JSCA को RMC का नोटिस : 3.35 करोड़ होल्डिंग टैक्स बकाया, 7 दिन में चुकाने का आदेश

RMC0023.jpg

रांची 
रांची नगर निगम (RMC) ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) को 3 करोड़ 35 लाख 28 हजार 152 रुपये का डिमांड नोटिस जारी किया है। यह बकाया वित्तीय वर्ष 2013-14 से लेकर 2025-26 तक का बताया जा रहा है। निगम के अपर प्रशासक के हस्ताक्षर से 30 अगस्त को जारी पत्रांक 714/Rev. में उल्लेख है कि JSCA को होल्डिंग संख्या SAF/02/04/00192 आवंटित है। निगम की ओर से नियुक्त कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गए एरिया के आधार पर यह डिमांड बिल तैयार किया गया है। RMC ने स्पष्ट किया है कि बिल मिलने के सात दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करना होगा।


नगर निगम सूत्रों के अनुसार, JSCA पहले से तय होल्डिंग टैक्स का भुगतान करता रहा है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में नए निर्माण और एरिया के स्वरूप में बदलाव के बाद निगम ने नए सिरे से बिल जेनरेट किया है। दिलचस्प यह है कि यह नोटिस उस वक्त जारी हुआ है जब 30 नवंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में वनडे मैच होना है और ठीक उससे पहले 21 सितंबर को कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) का चुनाव होना है।


दस्तावेजों में विरोधाभास
निगम के पत्र और उसके साथ संलग्न कागजात में बड़ा विरोधाभास सामने आया है। पत्र में JSCA का होल्डिंग नंबर SAF/02/04/00192 दर्ज है, जबकि संलग्न दस्तावेजों में पुराना नंबर 0410001855000A1 लिखा हुआ है। इतना ही नहीं, पत्र में जिस नंबर को होल्डिंग नंबर बताया गया है, उसे दस्तावेजों में आवेदन संख्या के रूप में दर्ज किया गया है। आवेदन की तारीख 4 अगस्त 2025 दर्शाई गई है। इससे साफ है कि या तो निगम प्रशासन को पूरी जानकारी नहीं है या फिर एजेंसी ने भ्रामक रिपोर्ट दी है। इस मामले में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव और नगर निगम के अपर प्रशासक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest