जामताड़ा:
जामताड़ा में पिछले कुछ दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जिले की प्रमुख नदियों और जलाशयों का जलस्तर बढ़ गया है। मैथन डैम के कैचमेंट एरिया में जलस्तर बढ़ने के बाद प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर 2 स्लुइस गेट खोल दिया है। मैथन डैम में बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे बराकर और दामोदर नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यहां निचले इलाकों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है। जामताड़ा की सीमा से सटकर बहने वाली अजय नदी भी उफान पर है। मडालो पुल के पिलर आधे से ज्यादा डूब गए हैं। जलस्तर में और बढ़ोतरी होने पर इस मार्ग से आवागमन पूरी तरह ठप होने की आशंका बन गई है।

जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है
तटवर्ती इलाकों की स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल पूरी तरह अलर्ट पर हैं। नदी किनारे बसे गांवों और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत दी गई है। प्रशासन ने लोगों को नदी के करीब न जाने की सख्त सलाह दी है।
'मौसम विभाग ने क्या बताया है!
मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह से साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, जिसकी वजह से झारखंड के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। पलामू और गढ़वा जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है।