logo

साहिबगंज में बाढ़ का कहर, सीता सोरेन ने PM मोदी को पत्र  लिखकर PMNRF से तत्काल राहत पैकेज की मांग की

साहिबगंज में बाढ़ का कहर, सीता सोरेन ने PM मोदी को पत्र  लिखकर PMNRF से तत्काल राहत पैकेज की मांग की

साहिबगंज 

साहिबगंज जिले में गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर और भारी बारिश से उत्पन्न गंभीर बाढ़ की स्थिति को लेकर झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति की पूर्व सभापति सीता मुर्मू सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तत्काल मदद की मांग की है। उन्होंने साहिबगंज जिले के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से विशेष राहत पैकेज एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में सीता सोरेन ने कहा है कि गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण साहिबगंज के कई ग्रामीण और शहरी इलाकों में बाढ़ का पानी फैल गया है। दर्जनों गांव जलमग्न होने से बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए हैं।

किसानों को भारी नुकसान 

लोगों के सामने भोजन, शुद्ध पेयजल, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं का संकट उत्पन्न हो गया है। बाढ़ का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर और ग्रामीण परिवारों पर पड़ा है, जिनमें कई परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने पत्र में किसानों की स्थिति का भी उल्लेख करते हुए कहा कि बाढ़ के पानी में खेतों में लगी फसलें डूबने से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही पशुधन को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। बाढ़ के कारण लोगों का सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सीता सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन और स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किए जा रहे हैं, लेकिन बाढ़ की व्यापकता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत है।

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से तत्काल विशेष सहायता

प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयां, तिरपाल, कपड़े सहित अन्य जरूरी राहत सामग्री पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि साहिबगंज के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से तत्काल विशेष सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत पहुंचाई जा सके। साथ ही बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों और अन्य संपत्तियों के नुकसान से प्रभावित परिवारों को भी सहायता मिल सके। सीता सोरेन ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार की ओर से समय पर सहायता उपलब्ध होने से साहिबगंज के हजारों बाढ़ प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें इस प्राकृतिक आपदा से उबरने में मदद मिलेगी।

Tags - Flood Sita Soren Narendra Modi PMNRF