logo

झारखंड के सभी स्कूलों के गरीब बच्चों को फ्री नीट कोचिंग कराएगा रिम्स

ीगसे21.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रिम्स प्रबंधन ने एमबीबीएस टॉपर्स द्वारा गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को नीट की तैयारी कराने वाली पहल में महत्वपूर्ण संशोधन किया है। पहले नोटिफिकेशन में इस योजना के लिए केवल झारखंड के सरकारी स्कूलों के छात्र आवेदन कर सकते थे, लेकिन अब इसे बढ़ा दिया गया है। संशोधित दिशा-निर्देश के अनुसार, झारखंड के किसी भी स्कूल में पढ़ने वाले योग्य और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र इस योजना के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस बदलाव से अधिक संख्या में जरूरतमंद और प्रतिभाशाली छात्रों को मौका मिलेगा, जो महंगी कोचिंग नहीं ले पाते थे। इस पहल से गरीब छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता पाने का बेहतर अवसर मिलेगा।


इसके अलावा, रिम्स ने सीनियर रेजिडेंट/ट्यूटर पदों के लिए आयोजित साक्षात्कार के बाद एनाटॉमी और कार्डियोथोरेसिक विभाग के चयनित उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी है। सूची के अनुसार, एनाटॉमी विभाग में डॉ. प्रेरणा दास का चयन हुआ है, जबकि कार्डियोथोरेसिक विभाग में डॉ. चंदन कुमार और डॉ. अमित निशांत को सीनियर रेजिडेंट पदों पर चुना गया है। सभी का चयन अनारक्षित श्रेणी में हुआ है। रिम्स प्रबंधन का मानना है कि चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित विभागों में शिक्षण और चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता और मजबूती बढ़ेगी।