logo

रिम्स में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर होगी बहाली, जानें कैसे करें आवेदन

रिम्स में असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर होगी बहाली, जानें कैसे करें आवेदन

रांची: 
रांची  के रिम्स में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी दूर करने और विभिन्न विभागों में शैक्षणिक व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संस्थान ने असिस्टेंट प्रोफेसर के 22 पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें नियमित और बैकलॉग श्रेणी के पद शामिल हैं। भर्ती के तहत ऑर्थोपेडिक से लेकर न्यूरोसर्जरी, न्यूरोलॉजी, ऑन्कोलॉजी और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।

इन विभागों में होगी नियुक्ति
रिम्स की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर ऑर्थोपेडिक, न्यूरोसर्जरी, एनेस्थीसिया, यूरोलॉजी, सीवीटीएस, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, नियोनेटोलॉजी, न्यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया और ट्रॉमा न्यूरोसर्जरी विभाग में नियुक्ति होगी। अभ्यर्थियों से निर्धारित प्रारूप में आवेदन मांगे गए हैं।

शैक्षणिक योग्यता और अनुभव जरूरी
असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए अभ्यर्थी के पास एमडी-एमएस या एनएमसी के मानकों के अनुरूप समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। संबंधित विषय में तीन वर्ष का शिक्षण या शोध अनुभव निर्धारित किया गया है। इसके अलावा एमसीएच या डीएम के बाद संबंधित विषय में एक वर्ष का शिक्षण अथवा शोध अनुभव भी मान्य होगा।

तीन वर्षीय डीएम-एमसीएच वालों को अनुभव में छूट
विज्ञापन में तीन वर्षीय डीएम/एमसीएच डिग्रीधारियों के लिए अनुभव की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। यानी निर्धारित तीन वर्षीय डीएम या एमसीएच योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी बिना अतिरिक्त शिक्षण या शोध अनुभव के भी पात्र होंगे।

दो चरणों में होगी चयन प्रक्रिया
रिम्स ने चयन प्रक्रिया को दो चरणों में पूरा करने की बात कही है। पहले चरण में अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच की जाएगी। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। डीन (अकादमिक्स) की अध्यक्षता वाली समिति अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग कर साक्षात्कार के लिए योग्य उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्ट तैयार करेगी। इसके बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

Tags - RIMS Ranchi Assistant Professor Recruitment RIMS Vacancy Medical Jobs Jharkhand Jharkhand News