रामगढ़
झारखंड अलग राज्य आंदोलन के प्रणेता, शोषित-पीड़ित एवं वंचित वर्ग के अधिकारों के प्रबल पक्षधर तथा शिक्षित एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए आजीवन संघर्षरत रहे स्व. रिझुनाथ चौधरी की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत सांडी स्थित कम्युनिटी सेंटर, सरस्वती बगीचा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो विशेष रूप से उपस्थित हुए। उन्होंने स्व. रिझुनाथ चौधरी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्व. रिझुनाथ चौधरी के तीनों पुत्र—बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी, गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी एवं ज्योति चौधरी उपस्थित रहे।
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित
सुदेश कुमार महतो ने कहा कि स्व. रिझुनाथ चौधरी जी का संपूर्ण जीवन झारखंड आंदोलन और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने हमेशा शोषित, वंचित और गरीबों की आवाज को बुलंद किया तथा एक शिक्षित, जागरूक एवं आत्मनिर्भर समाज के निर्माण की परिकल्पना को साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष किया।

मौके पर ये लोग रहे उपस्थित
उन्होंने कहा कि आज झारखंड को जो पहचान और सम्मान प्राप्त हुआ है, उसमें स्व. रिझुनाथ चौधरी जैसे आंदोलनकारियों का अमूल्य योगदान है। उनका संघर्ष, विचार और सामाजिक सरोकार आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देते रहेंगे। आजसू पार्टी उनके बताए मार्ग पर चलकर सशक्त, समृद्ध और स्वाभिमानी झारखंड के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाएगी। श्रद्धांजलि सभा में मांडू विधायक निर्मल महतो, गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो, आजसू पार्टी के महासचिव संजय मेहता, संतोष महतो सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, पार्टी पदाधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।
