logo

धुर्वा डैम में मिला HEC के सेवानिवृत्त कर्मी का शव, इवनिंग वॉक पर निकले थे 

ैपगूा22.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में रविवार सुबह एक बुजुर्ग का शव पानी में तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हटिया संडे मार्केट निवासी और एचईसी के सेवानिवृत्त कर्मी योगेंद्र प्रसाद (85) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह शनिवार (1 अगस्त) की शाम करीब चार बजे रोज की तरह इवनिंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।


गुमशुदगी दर्ज होने के बाद डैम में मिला शव
पिता का पता नहीं चलने पर उनके बड़े बेटे विजय कुमार ने जगन्नाथपुर थाना में गुमशुदगी का सन्हा दर्ज कराया। रविवार सुबह धुर्वा डैम की ओर टहलने पहुंचे लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना नगड़ी थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला।


पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags - Ranchi Dhurwa Dam HEC Nagri Police Jharkhand