रांची
संसद से महिला आरक्षण बिल गिरने के बाद देशभर में सियासी पारा हाई है। एक ओर जहां भाजपा महिलाओं के बीच जाकर इंडिया गठबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए बता रही है कि कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने दिया। जिससें एक बार फिर इनकी महिला विरोधी सोच उजागर हुई है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस भी बीजेपी पर पलटवार करते हुए यह बता रही है कि बीजेपी महिलाओं को हथियार की तरह उपयोग करती है। इसी क्रम में रांची स्थित कांग्रेस भवन में महिला कांग्रेस ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सड़कों पर राजनीतिक ड्रामेबाजी कर रही है। महिला आरक्षण विधेयक के पूरे प्रकरण के लिए महिला कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बेस्ट ड्रामा ऑफ द ईयर का अवार्ड देती है। इससे पहले ही महिला कांग्रेस द्वारा पोस्टकार्ड जारी कर 2023 में पारित महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने साथ ही साथ इसमें ओबीसी महिलाओं के लिए भी आरक्षण का प्रावधान करने की मांग की गई।

महिला आरक्षण विधेयक 2023 में पारित
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए सूबे की कृषि एवं पशुपालन मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि जब महिला आरक्षण विधेयक 2023 में पारित हो चुका है तब विशेष सत्र में कौन सा बिल लाया गया था, दरअसल महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के नाम पर परिसीमन का बिल पारित करने की मंशा भाजपा की थी। 3 साल पहले पारित कानून का गजट नोटिफाई नहीं किया गया। 2023 में पारित विधेयक में केंद्र ने नई जनगणना और परिसीमन के बाद विधेयक लागू करने की बात कही थी अब 2011 की जनगणना की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जातिगत जनगणना कराकर महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहती, अगर मंशा साफ है तो अविलंब 2023 में पारित विधेयक के आधार पर महिलाओं को उनका हक दे।

10 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा
वहीं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो ने कहा कि महिला आरक्षण के संदर्भ में भाजपा द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम के खिलाफ महिला कांग्रेस देशभर में अभियान चलाएगी। महिला आरक्षण विधेयक पर भाजपा द्वारा बोले जाने वाले झूठ के खिलाफ 10 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रमंडलवार महिला नेत्री संवाददाता सम्मेलन करके इस भ्रम के संबंध में जनता को बतायेंगी। इस क्रम में उत्तरी छोटा नागपुर प्रमंडल में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह, कोल्हान प्रमंडल दयामणि बारला, पलामू प्रमंडल में राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद, संथाल परगना पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अनुपमा सिंह विभिन्न तिथियों में संवाददाता सम्मेलन करेंगी तथा 6 मई को लोक भवन के समक्ष प्रदेश महिला कांग्रेस के द्वारा विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

मोदी जी प्रधानमंत्री पद का इस्तेमाल भ्रम फैलाने में कर रहे
इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अंबा प्रसाद ने कहा कि मोदी जी प्रधानमंत्री पद का इस्तेमाल भ्रम फैलाने में कर रहे हैं। संविधान में प्रावधान है कि जो संशोधन होता है वह कानून बनता है और संविधान बताता है कि 2023 में पारित आरक्षण विधेयक कानून बन गया है। भाजपा बताए कि क्या 2023 का कानून रद्द हुआ है। संविधान की धारा 330 ए में सब साफ हो जाता है कि भाजपा कैसे भ्रम फैला रही है। भाजपा राजनीतिक ड्रामा कर रही है परिसीमन लागू करने के लिए विशेष सत्र में संशोधन बिल लाना बहाना था, विशेष सत्र सिर्फ पांच राज्यों का चुनाव प्रभावित करने के लिए था। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव गुंजन सिंह ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों का हनन करने और भाजपा के राज्य में महिलाओं पर बढ़े अत्याचार ने भाजपा के चाल चरित्र और चेहरे को उजागर कर दिया है। अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा और एजेंडे को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी महिलाओं का सहारा ले रहे हैं।