द फॉलोअप डेस्क
देवघर में 3 मंजिला इमारत गिरने के बाद शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन अब खत्म हो गया है। करीब 8 घंटे तक चले ऑपरेशन में NDRF की टीम ने 4 लोगों को जिंदा बाहर निकाला। वहीं 3 लोगों की मौत हो गई है। बता दें कि आज सुबह देवघर में 3 मंजिला मकान भरभरा कर गिर गई। मलबे में घर पर रहने वाले लोग फंस गए थे।
बिल्डिंग के गिरने की कराई जाएगी जांच
घटना देवघर के नगर थाना क्षेत्र के सीता होटल के पास की है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सीता होटल के पास स्थित हंसकुप का बगल वाला भवन अहले सुबह भरभराकर गिर गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मकान में कई लोग रहते थे। डीसी ने कहा है कि बिल्डिंग के आसपास कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। संभवत: मकान पुराना रहा होगा, जिसकी वजह से यह ढह गया। बिल्डिंग के गिरने की जांच कराई जाएगी। अभी राहत कार्य पर फोकस है। लोगों की जान बचाना प्राथमिकता है।
3 लोगों की मौत
घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम को बुलाया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। मलबे में फंसे लोगों को एक-एक करके निकाला गया। हादसे में मनीष दत्त द्वारी (50), सुनील यादव (35) और सुनील यादव की पत्नी सोनी देवी (28) की मौत हो गई। दिनेश बर्नवाल, मुन्नी बर्नवाल, सत्यम और अनुपमा देवी घायल हैं, जिनका सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।