द फॉलोअप डेस्क
रांची में आयोजित रेरा बिहार से रूबरू कार्यक्रम में रेरा बिहार के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह ने झारखंड में काम कर रहे बिल्डरों से बिहार के रियल एस्टेट क्षेत्र में निवेश करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बिहार में तेजी से हो रहे विकास का लाभ उठाकर आम लोगों की आवास जरूरतों को पूरा करने में बिल्डरों की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है। कार्यक्रम का उद्देश्य निवेशकों को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की जानकारी देना और घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा से जुड़े उपायों से अवगत कराना था।

निवेश के अवसर और आसान प्रक्रिया पर जोर
कार्यक्रम में झारखंड के विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह और रेरा झारखंड के अध्यक्ष बिरेन्द्र भूषण सहित कई बिल्डर्स और घर खरीदार शामिल हुए। विवेक कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण ने आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए फिल्टर सिस्टम लागू किया है, जिससे प्रोजेक्ट रजिस्ट्रेशन में किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि प्रमोटर सभी दस्तावेज सही तरीके से जमा करते हैं तो निबंधन प्रक्रिया में सहूलियत दी जाती है।

घर खरीदारों के हितों की सुरक्षा पर फोकस
रेरा बिहार घर खरीदारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई करता है। इस दौरान अधिकारियों ने रेरा बिहार की कार्यप्रणाली की सराहना की और इसे अन्य राज्यों के लिए भी उपयोगी बताया। कार्यक्रम में प्रस्तुति के माध्यम से निवेश के अवसरों और खरीदारों की सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी दी गई।

जागरूकता और संवाद से समाधान की कोशिश
कार्यक्रम के दौरान जागरूकता के लिए लघु फिल्में दिखाई गईं और अंत में खुले सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया। इस पहल से बिल्डर्स और घर खरीदारों दोनों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली और रियल एस्टेट क्षेत्र में पारदर्शिता को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।