द फॉलोअप डेस्क, रांची:
रांची से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। चतरा से विधायक और हाल ही में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण की सूचना है। बताया जा रहा है कि उनका बेटा रांची के एक निजी विश्वविद्यालय के गेट के पास से लापता हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक विश्वविद्यालय परिसर से कब निकला और उसके बाद वह किस दिशा में गया।
जनार्दन पासवान ने फॉलोअप से क्या बताया?
फॉलोअप से जनार्दन पासवान की बातचीत में उन्होंने बताया कि रांची के एक निजी विश्विद्यालय के मुख्य द्वार के पास उनके बेटे के साथ मारपीट हुई, इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। वह चतरा से रांची के निकल गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।
हालांकि, घटना के संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है। जनार्दन पासवान को हाल ही में लोजपा (रामविलास) ने झारखंड प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। रविवार को उन्हें पार्टी के प्रदेश संगठन का विधिवत प्रभार भी सौंपा गया था। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवक के साथ वास्तव में क्या हुआ और उसके लापता होने के पीछे कौन लोग हैं।
