logo

NH-43 के नवनिर्मित पलमा-गुमला पथ का क्षेत्रीय पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

NH-43 के नवनिर्मित पलमा-गुमला पथ का क्षेत्रीय पदाधिकारी ने किया निरीक्षण, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

गुमला 
Gumla News: गुमला में नवनिर्मित राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के पलमा-गुमला खंड का भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकार (एनएचएआई) के क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार आर्य ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा के लिए किए गए कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गुमला के परियोजना निदेशक एसके गौतम, रांची के परियोजना निदेशक विजय कुमार सहित एनएचएआई के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस सड़क का निर्माण कार्य आरकेडी कंपनी द्वारा किया गया है।

धनबाद-रायपुर कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है पलमा-गुमला सड़क
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पदाधिकारी संतोष कुमार आर्य ने कहा कि पलमा-गुमला सड़क धनबाद-रायपुर कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके निर्माण से गुमला और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ने के साथ आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी और व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार के नए अवसर पैदा होंगे।

गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर किया गया निर्माण
संतोष कुमार आर्य ने कहा कि सड़क का निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है। किसी भी क्षेत्र के विकास में बेहतर सड़क संपर्क की अहम भूमिका होती है। जब गांवों और शहरों के बीच आवागमन आसान होता है, तो शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और रोजगार जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। इस लिहाज से पलमा-गुमला सड़क क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

सड़क बनने से लोगों को मिली राहत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष पहले तक इस सड़क की स्थिति काफी खराब थी। सड़क की हालत ऐसी थी कि रांची से गुमला आने में लोगों को चार घंटे लग जाते थे। इससे आम लोगों को होने वाली परेशानियों का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, अब इस सड़क से लोगों को काफी राहत मिल रही है। फॉलोअप रिपोर्टर सुशील कुमार सिंह ने सड़क का जायजा लेते हुए पदाधिकारी और ग्रामीणों से बातचीत की।

Tags - NH-43Palma Gumla RoadNHAI InspectionJharkhand InfrastructureDhanbad Raipur Corridor